संवाददाता: सागर रस्तोगी
गर्मी के बढ़ते प्रकोप और आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए रायवाला स्थित हरिपुर कलां के देव संस्कृति विश्वविद्यालय में एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग की टीम ने भाग लेकर छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक एफएसओ सुनील दत्त तिवारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि बढ़ते तापमान के कारण आग लगने की घटनाओं में तेजी आती है। उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-सी चिंगारी या लापरवाही बड़े हादसे का रूप ले सकती है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने की सलाह दी गई। अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के उपयोग का लाइव डेमो भी दिया गया, जिससे छात्रों को व्यावहारिक जानकारी मिल सकी।
इसके अलावा, रसोई गैस सिलेंडर या बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग को शुरुआती स्तर पर कैसे नियंत्रित किया जाए, इसके भी महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।
यह प्रशिक्षण शिविर छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ, जिससे वे भविष्य में किसी भी आपात स्थिति का बेहतर तरीके से सामना कर सकेंगे।
