रिपोर्ट: भगवान सिंह,
पौड़ी जिले के पाबों विकासखंड स्थित इंटर कॉलेज पोखरीखेत की छात्रा महक गुसाईं ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 96 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसी के साथ उन्होंने पूरे उत्तराखंड में 7वां स्थान प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि महक ने बायोलॉजी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वीओ-1:
महक गुसाईं शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। इससे पहले हाईस्कूल परीक्षा में भी उन्होंने 95.5 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 19वीं रैंक प्राप्त की थी। उनका सपना आगे चलकर MBBS कर डॉक्टर बनना है।
वीओ-2:
महक की सफलता के पीछे संघर्ष की एक प्रेरणादायक कहानी छिपी है। वर्ष 2017 में उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उनकी मां सरिता देवी, जो एक आशा कार्यकर्ता हैं, ने सीमित संसाधनों में बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। महक पहले करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल स्कूल जाती थीं, बाद में बेहतर पढ़ाई के लिए परिवार ने किराए के मकान में रहना शुरू किया।
वीओ-3:
इसी विद्यालय की छात्रा गोरी रौतेला ने भी 85.8 प्रतिशत अंक हासिल कर अच्छा प्रदर्शन किया है।
वीओ-4:
वहीं, उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम में पौड़ी जिले का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है। हाईस्कूल का परिणाम 90.65 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का 84.56 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 0.95 और 0.64 प्रतिशत अधिक है।
