देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर जन शिकायतों के प्रति अपनी सक्रियता दिखाते हुए सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत का खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
शुक्रवार को निर्धारित बैठक से पहले मुख्यमंत्री सीधे जाखन क्षेत्र पहुंचे, जहां स्थानीय निवासी विवेक मदान द्वारा की गई शिकायत की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
शिकायत में बताया गया था कि राजपुर रोड क्षेत्र में विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान फुटपाथ को नुकसान पहुंचा है। पहले बनाए गए फुटपाथ को यूपीसीएल द्वारा खोद दिया गया और बाद में सही तरीके से मरम्मत न होने के कारण टाइल्स धंस गईं, जिससे राहगीरों को दिक्कत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल फोन के जरिए संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉल की और उन्हें जमीनी हकीकत दिखाई। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई और सख्त निर्देश दिए कि विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि जनता को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि कई स्थानों पर अंडरग्राउंड लाइन होने के बावजूद बिजली के तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना उचित योजना के काम होने से न केवल जनता को असुविधा होती है, बल्कि सरकारी धन की भी बर्बादी होती है।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन को निर्देश दिए कि पूरे राज्य में ऐसी शिकायतों की समीक्षा कर अभियान चलाया जाए और जहां भी समस्या हो, उसका त्वरित समाधान किया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
- सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर खुद मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री
- जाखन क्षेत्र में फुटपाथ क्षतिग्रस्त होने की शिकायत
- वीडियो कॉल के जरिए अधिकारियों को दिखाई स्थिति
- लापरवाही पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश
- पूरे राज्य में शिकायतों की समीक्षा के निर्देश
