रिपोर्टर: पंकज सक्सेना
हल्द्वानी में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 2 मई 2026 को ‘जन आरोग्य महाकुंभ 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित होगा, जहां विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच और परामर्श मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा।
इस शिविर का आयोजन यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और समाजसेवी मनोज पाठक के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत हृदय रोग, कैंसर, स्त्री रोग, हड्डी रोग और सामान्य चिकित्सकीय परामर्श जैसी कई स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। बताया गया है कि दिल्ली के मैक्स अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर इस शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।
आयोजन की जानकारी देते हुए स्कूल प्रबंधन से जुड़े सुशील जोशी ने बताया कि यह हल्द्वानी में इस तरह की पहली बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए स्कूल की बसें करीब 30 किलोमीटर के दायरे से लोगों को लाने और छोड़ने का कार्य करेंगी, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति भी ली जा चुकी है।
यह स्वास्थ्य शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस नि:शुल्क जांच और उपचार सुविधा का लाभ उठाएं।
यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देगी, बल्कि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
