सचिन कुमार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज (28 अप्रैल) एक दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस सत्र का मुख्य विषय “नारी शक्ति वंदन अधिनियम: नारी सम्मान – लोकतंत्र में अधिकार” रखा गया है।
यह विशेष सत्र महिलाओं के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा में आयोजित होने वाले इस सत्र का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाना और इस पर सार्थक चर्चा करना है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने इस सत्र को लेकर कहा कि विपक्षी दलों के विरोध के कारण महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हो पाया, जो महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए कहा कि आज होने वाले इस विशेष सत्र में सभी सदस्य इस विषय पर गंभीर चर्चा करेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस चर्चा के बाद एक सकारात्मक और ठोस निष्कर्ष सामने आएगा, जो महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
यह सत्र राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें महिला आरक्षण और नारी सम्मान जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है।
