देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया, जिसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने उससे दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और अन्य कागजात तमंचे के बल पर लूट लिए और उसे गोली मारकर फरार हो गए।
पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसका पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर को गोली लग गई, जबकि एक बदमाश भी पुलिस की गोली से घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहे।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और इंस्पेक्टर नरेश राठौर को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
