विकासनगर: कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से शहर और ब्लॉक स्तर पर नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। पार्टी ने विकास शर्मा को विकासनगर शहर अध्यक्ष, आशीष पुंडीर को हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष और अभिनव ठाकुर को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात के आवास पर किया गया। इस दौरान उन्हें फूल-माला और बुके देकर सम्मानित किया गया।
मीडिया से बातचीत में शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।
वहीं हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की अपील की।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि वे क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाएंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
अब देखना होगा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस संगठनात्मक मजबूती के दम पर कितना प्रभाव छोड़ पाती है।
