रिपोर्टर: आसिफ इकबाल
रामनगर: नेशनल हाईवे-309 पर ओवरटेक की कोशिश एक बड़े हादसे में बदल गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना खतरनाक था कि दोनों युवक सामने से आ रही रोडवेज बस के नीचे आने से बाल-बाल बच गए। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विवेक और अफजल नाम के दो युवक बाइक पर सवार होकर चिल्किया से रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने की कोशिश की।
ओवरटेक के दौरान कार चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और घसीटते हुए सामने से आ रही बस की ओर जा पहुंचे।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि बस चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे दोनों युवक बस के नीचे आने से बच गए।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घायल विवेक की मां, सीमा देवी ने बताया कि दोनों युवकों की हालत गंभीर है और हादसे के बाद से वे बेहोश हैं। उन्होंने कार चालक की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराया।
डॉक्टरों का बयान
चिकित्सालय के डॉक्टर हर्षपाल ने बताया कि दोनों युवकों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए सिटी स्कैन के लिए रेफर किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर हायर सेंटर भेजा जा सकता है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार चालक की तलाश की जा रही है।
