रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
सितारगंज: उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नकटपुरा हाईवे पर हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के ग्राम फुलईया का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह पिछले 15-20 दिनों से सितारगंज के ग्राम मैंनाझुंडी में एक झोला-छाप डॉक्टर के पास कंपाउंडर के रूप में काम कर रहा था।
शनिवार दोपहर नितिन डॉक्टर की मोटरसाइकिल लेकर सितारगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे डंपर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितिन सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे उठाकर सरकारी अस्पताल सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डंपर चालक फरार
हादसे में शामिल डंपर (नंबर: UK06 CA 66481) का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के परिजन और ग्रामीणों के अनुसार, नितिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का नाम रोहतास बताया गया है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।
