लोकेशन: रुड़की
संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की: ऑपरेशन प्रहार के तहत रुड़की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 14 साल की एक नाबालिग बच्ची को, जिसे बहला-फुसलाकर कर्नाटक ले जाया गया था, पुलिस ने बेंगलुरु से सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला बच्ची को भीख मंगवाने और गलत धंधे में धकेलने की साजिश रच रही थी। लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई।
ऐसे हुआ पूरा मामला
यह मामला पिरान कलियर थाना क्षेत्र का है। 9 अप्रैल को एक महिला बच्ची को कपड़े दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
टेक्नोलॉजी से मिली बड़ी मदद
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन का सहारा लिया। आरोपी की लोकेशन दिल्ली, लखनऊ और मध्य प्रदेश होते हुए कर्नाटक के बेंगलुरु में ट्रेस की गई।
बेंगलुरु से बरामदगी
16 अप्रैल को हरिद्वार पुलिस की टीम कर्नाटक पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया और बच्ची को सुरक्षित बरामद किया गया।
पुलिस का बयान
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला बच्ची को बड़े शहरों में भीख मंगवाने और गलत कामों में धकेलने की योजना बना रही थी।
परिवार की स्थिति
बच्ची की मां बेहद गरीब और बीमार है, जो भीख मांगकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। बेटी के सुरक्षित लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है।
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना
रुड़की पुलिस की तेजी और सतर्कता से एक गंभीर अपराध होने से बच गया। यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
