रिपोर्ट: भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल जिले में बढ़ती गर्मी के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में श्रीनगर रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप सिविल वन क्षेत्र में बीती देर शाम अचानक आग भड़क उठी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की लपटें उठती देख स्थानीय पत्रकार भगवान सिंह ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वन विभाग और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
समय रहते की गई कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और वन संपदा को अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन अराजक तत्वों द्वारा आग लगाने की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है।
मौके पर वन विभाग और दमकल विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें वन दरोगा अरविंद रावत, वन क्षेत्राधिकारी जगदीश प्रसाद गोदियाल, फायर वाचर मोहित सिंह, राजेश बेलवाल, ब्रिजेंद्र थपलियाल, सचिन सिंह और फायर टीम के शमशेर सिंह चौहान, दीपक रावत, राम विजय सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।
