रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि पीड़ित, थाना प्रभारी और एक बदमाश घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। पीड़ित के अनुसार, काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और अन्य दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर फरार हो गए।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसका पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मुठभेड़ के दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौर को भी गोली लगी। घायल बदमाश, पीड़ित और इंस्पेक्टर को पहले प्रेमनगर अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
इस घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों में भय का माहौल है और सरकार उन्हें किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है।
