रिपोर्ट: अश्वनी दीक्षित
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में दूषित पानी के कारण गंभीर स्वास्थ्य संकट सामने आया है। नया गांव में पानी की टंकी से सप्लाई हो रहे पानी को पीने के बाद बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ गए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
50 से अधिक बच्चे बीमार, एक की मौत
जानकारी के अनुसार, गांव में पीलिया (जॉन्डिस) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और करीब 50 बच्चे बीमार बताए जा रहे हैं। सभी बच्चों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इसी बीच नया गांव निवासी बंटी के 14 वर्षीय बेटे अल्तमश की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
दूषित पानी बना बीमारी की वजह
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव की पानी की टंकी में गड़बड़ी और साफ-सफाई की कमी के कारण पानी दूषित हो गया, जिससे यह बीमारी फैली। कई दिनों से ग्रामीण इस समस्या को लेकर शिकायत कर रहे थे, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व विधायक ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक नारायण पाल गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हाल जाना। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक कोई जिम्मेदार नेता गांव नहीं पहुंचा है।
नारायण पाल ने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा पर भी पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 चुनाव को देखते हुए क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
प्रशासन हरकत में, जांच शुरू
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बीमार बच्चों की जांच शुरू की गई। साथ ही पानी की टंकी की सफाई और मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
पूर्व विधायक नारायण पाल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो वे इस मुद्दे को लेकर आगे आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे।
