सचिन कुमार
भारतीय जनता पार्टी के गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने अपने नाम से वायरल हो रहे पत्र को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। देहरादून स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
दरअसल, वायरल पत्र में उत्पीड़न और अनदेखी के आरोप लगाए गए थे, जिसे लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा को घेरने की कोशिश की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद पांडे ने कहा कि उनके नाम से जारी किया गया पत्र पूरी तरह झूठा और भ्रामक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की साजिश के पीछे कहीं न कहीं विपक्ष की भूमिका हो सकती है, जो राजनीति के तहत भाजपा की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान मिल रहा है और वे संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं। साथ ही उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्हें सिरे से खारिज कर दिया।
