संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की। अम्बर तालाब क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नेहरू स्टेडियम के पीछे स्थित एक गिफ्ट सेंटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
धुएं से शुरू हुई आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के अनुसार “विन्नी गिफ्ट सेंटर” के गोदाम से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही मिनटों में भीषण आग में बदल गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में मौजूद सजावटी और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा।
दमकल टीम को पहुंचने में आई दिक्कत
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। आग की भयावहता को देखते हुए मंगलौर और भगवानपुर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गईं।
रिहायशी इलाके में खतरा, प्रशासन अलर्ट
आग रिहायशी क्षेत्र में लगने के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, भारी नुकसान की संभावना
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
