रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून। राष्ट्रीय स्तर पर नेताओं और जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले अन्तर्राज्जीय गिरोह के सरगना को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर लोगों को झांसे में लेता था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 3 मई को भावना पांडे ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कनिष्क सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता का निजी सचिव बताते हुए उन्हें उत्तराखंड में सर्वे और पार्टी में अहम पद दिलाने का लालच दिया। इसके बदले आरोपी ने 25 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, 13 अप्रैल को आरोपी ने अपने एक साथी को राजपुर रोड स्थित उनके आवास भेजा, जिसने 25 लाख रुपये नकद ले लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार, निवासी अमृतसर (पंजाब), पहले भी कई राज्यों में इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस को जानकारी मिली कि वह जाखन स्थित पैसेफिक मॉल में एक अन्य व्यक्ति से पैसे लेने आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2017 में जयपुर (राजस्थान) में दो नेताओं को विधायक का टिकट दिलाने के नाम पर उसने 1 करोड़ 90 लाख और 12 लाख रुपये ठगे थे। इसके अलावा, 2025 में पटना (बिहार) में भी एक नेता से पार्टी में पद दिलाने के नाम पर 3 लाख रुपये वसूले थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने देश के अन्य राज्यों में भी कई लोगों को इसी तरह ठगा है। फिलहाल पुलिस अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क बड़ा हो सकता है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।
