रिपोर्ट: ललित जोशी
नीताल में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल पैदल ही अपने कार्यालय पहुंचे। सरोवर नगरी में जिलाधिकारी की इस पहल को लोगों ने सराहा और रास्ते में उनका अभिनंदन भी किया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि उनका यह कदम ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने आमजन से भी अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।
ललित मोहन रयाल अपने कार्यकाल के दौरान जनसमस्याओं के समाधान को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया है।
इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए औचक निरीक्षण और छापेमारी जैसी कार्रवाई भी की गई है। जरूरतमंद और निर्धन परिवारों की मदद करने के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्यशैली अपनाने के निर्देश भी दिए जाते रहे हैं।
जिलाधिकारी की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक संदेश बताते हुए कहा कि यदि अधिकारी और आमजन मिलकर छोटे-छोटे प्रयास करें, तो पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत जैसे अभियानों को बड़ी सफलता मिल सकती है।
