हरिद्वार पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार असर दिखा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है।
मंगलौर पुलिस ने आरोपी गौतम सहरावत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 03 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
बरामद बाइक में 02 कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्र और 01 कोतवाली मंगलौर क्षेत्र से चोरी की गई बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार सहारनपुर निवासी विजय कुमार ने अपनी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की शिकायत कोतवाली मंगलौर में दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार अभियान चलाया।
इसी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी गौतम सहरावत पुत्र पवन कुमार, निवासी सैनिक विहार कॉलोनी, कर्नल इकलेव रोड, रुड़की का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक वाजिन्द्र नेगी, कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल आमिर की अहम भूमिका रही।
पुलिस टीम की सतर्कता और लगातार प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई।
