रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
सितारगंज के निकट ग्राम लोका में जहरीली शराब और नशे के कारोबार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। क्षेत्र के पूर्व विधायक नारायण पाल गांव पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से जहरीली शराब का अवैध कारोबार चल रहा है।
लोगों ने बताया कि कच्ची-पक्की शराब में इंजेक्शन, दवाइयां और कैप्सूल मिलाकर नशा तैयार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जो कोई इस कारोबार का विरोध करता है, उसे जान से मारने तक की धमकी दी जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार केवल लोका गांव ही नहीं, बल्कि गोठा, वीरेंद्र नगर, बलुआ टोला और गुरु नानक नगरी सहित कई गांवों में 2-4 लोग अवैध शराब बेच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में नशे का जाल फैलता जा रहा है।
इस दौरान पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि उन्हें मामले की गंभीर जानकारी मिली है और वह स्थानीय पुलिस प्रशासन से बात कर जल्द कार्रवाई की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाई जाएगी और जहरीली शराब बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
नारायण पाल ने कहा कि नशा युवाओं और परिवारों को बर्बाद कर रहा है और जनता के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को बंद कराया जाएगा।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि जहरीली शराब के कारण उनके परिवारों में कई लोगों की मौत तक हो चुकी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई होगी और गांव को नशामुक्त बनाया जाएगा।
कांग्रेस नेता रणजीत सिंह ने भी नशा कारोबारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग जहरीला नशा बेचकर परिवार उजाड़ रहे हैं, उन्हें एक दिन इसका खामियाजा जरूर भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की बददुआएं ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेंगी।
इस मौके पर बब्बू भाई, आकाश, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
