पिरान कलियर के बेडपुर चौक स्थित सुराज सेवा दल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन ने दो प्रमुख मुद्दों—गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई—को लेकर जोरदार आवाज उठाई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सुराज सेवा दल के प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान (पीरपुरा) ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि गाय करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए उसे राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में जल्द निर्णय लिया जाए।
इंतजार प्रधान ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कोई व्यक्ति गोवंश के साथ क्रूरता करता है या गोवध में शामिल पाया जाता है, तो सुराज सेवा दल सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक सम्मान से जुड़ा विषय बताया।
प्रेस वार्ता में क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे नशे के कारोबार पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्मैक, चरस और अन्य नशीले पदार्थ युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं और समाज को खोखला बना रहे हैं।
सुराज सेवा दल के नेताओं ने प्रशासन और पुलिस से मांग की कि नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जो दूसरों के लिए नजीर बने।
कलियर विधानसभा अध्यक्ष रईस अहमद ने कहा कि पिरान कलियर और आसपास के क्षेत्रों में नशे का बढ़ता ग्राफ बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा तस्कर खुलेआम युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिससे कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं।
उन्होंने प्रशासन से जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की मांग करते हुए कहा कि नशा माफियाओं को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
सुराज सेवा दल ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि समाज हित और गो-रक्षा जैसे मुद्दों पर वे किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।
