रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की में नए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में हुए बदलाव अब आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियमों के चलते लोगों को पहले की तुलना में अधिक दस्तावेजी प्रक्रिया और तकनीकी औपचारिकताओं से गुजरना पड़ रहा है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में इन दिनों बड़ी संख्या में लोग राशन कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ और गर्मी को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने कार्यालय के बाहर टैंट की व्यवस्था की है, ताकि लोगों को धूप से राहत मिल सके।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अब राशन कार्ड बनवाने के लिए परिवार के प्रत्येक सदस्य (यूनिट) की अलग-अलग फोटो अनिवार्य कर दी गई है। इसके साथ ही हर सदस्य के मोबाइल नंबर पर अलग-अलग ओटीपी (OTP) वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी लागू की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि पारदर्शिता और फर्जीवाड़े को रोकने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन इससे आम लोगों, खासकर ग्रामीण और तकनीकी रूप से कम जागरूक नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राशन कार्ड बनवाने आए लोगों का कहना है कि बार-बार ओटीपी आना, अलग-अलग फोटो अपलोड करना और अन्य औपचारिकताएं पूरी करना उनके लिए मुश्किल साबित हो रहा है। कई लोग तकनीकी समस्याओं के कारण बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
खाद्य आपूर्ति विभाग का कहना है कि यह प्रक्रिया भले ही थोड़ी जटिल लगे, लेकिन इससे भविष्य में फर्जी राशन कार्ड और गलत लाभ लेने वालों पर रोक लगेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य रखें और सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
