रिपोर्टर – रंजीत सिंह
ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज के कारण बड़ा हादसा हो गया। गैस एजेंसी परिसर में बने एक कमरे में खाना बनाते समय अचानक आग लगने से एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा किच्छा के वार्ड नंबर 1 स्थित शिव भारत कॉमर्शियल गैस सर्विस के गोदाम परिसर में हुआ। यहां रहने वाले मजदूर मुनीश की पत्नी अन्नू कमरे में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग भड़क उठी।
आग लगते ही कमरे में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
हादसे में मुनीश, अन्नू, प्रिंस और संजीव कुमार झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) किच्छा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस जगह आग लगी, उसके पास बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। गनीमत रही कि आग सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था और नुकसान कहीं ज्यादा गंभीर होता।
घटना के बाद गैस एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस गोदामों और एजेंसियों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
