मसूरी | रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी-देहरादून मार्ग पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेलों पर कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की टीम ने 10 ठेलों का सामान जब्त किया और संचालकों को कड़ी चेतावनी दी।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिससे अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। टीम के पहुंचते ही कई लोग अपना सामान समेटकर मौके से हट गए।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
मसूरी-देहरादून मार्ग पर अवैध ठेलों और अस्थायी दुकानों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। यहां बाहरी क्षेत्रों से आकर लोग तिरपाल लगाकर दुकानें संचालित कर रहे थे, जिससे सड़क पर अतिक्रमण बढ़ रहा था और यातायात भी प्रभावित हो रहा था।
यातायात पर पड़ रहा था असर
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे ठेले और अस्थायी दुकानें लगने से मार्ग संकरा हो गया था, जिससे जाम की स्थिति बन रही थी। खासकर पर्यटन सीजन में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी ने भी मसूरी-देहरादून मार्ग पर अवैध रूप से ठेला या दुकान लगाई, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
