उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित एक संदिग्ध आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ATS ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की से चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में स्लीपर सेल तैयार करने की साजिश रच रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के निशाने पर अस्पताल, राजनीतिक कार्यालय और स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान थे। एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि देश में बड़े स्तर पर अशांति फैलाने की योजना बनाई जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क को सक्रिय करने के लिए युवाओं को जोड़ने और गुप्त गतिविधियों को संचालित करने की तैयारी चल रही थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों की एक गुप्त बैठक नोएडा में हुई थी, जहां कथित तौर पर नेटवर्क विस्तार और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
ATS अब गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और इसकी जड़ें कितनी गहरी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय और राज्य स्तर की कई जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपियों का संपर्क सीमा पार बैठे हैंडलर्स से कैसे और कब से था।
कार्रवाई के बाद रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और कई स्थानों पर निगरानी तेज कर दी गई है।
