रिपोर्टर – रंजीत सिंह
ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में ईद-उल-जुहा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर नमाज अदा की और देश, प्रदेश तथा दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
ईद-उल-जुहा के मौके पर किच्छा की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा कर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
नमाज के दौरान लोगों ने देश की तरक्की, समाज में सुख-समृद्धि और दुनिया में शांति बनाए रखने की दुआ की।
नमाज अदा करने के बाद लोग मस्जिदों से बाहर निकले और एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
पुलिस प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए था ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
