उत्तराखंड के रुड़की में ईद उल अज़हा के मौके पर बड़ा विवाद सामने आया है। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव में कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें पुलिसकर्मी समेत पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक ईद उल अज़हा पर कुर्बानी के बाद अवशेष हटाने को लेकर गांव में विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही लखनौता पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल मौके पर पहुंचे। दोनों ने हालात को काबू में करने और लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया।
हमले में पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनकी नाक की हड्डी फ्रैक्चर हो गई है। इसके अलावा झड़प में अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। झबरेड़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
ईद जैसे त्योहार के दौरान हुई इस हिंसक घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
