उत्तराखंड के रुड़की से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के टिकोला गांव में कुछ युवकों को बंधक बनाकर उनके साथ लाठी-डंडों और चप्पलों से बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई सन्न है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक जमीन पर बैठे हाथ जोड़कर रहम की भीख मांग रहे हैं, लेकिन सामने खड़े लोग लगातार उन पर लाठियां, थप्पड़ और चप्पलों से हमला कर रहे हैं। युवकों के सिर और कपड़ों पर खून के गहरे निशान इस बात की गवाही दे रहे हैं कि उनके साथ कितनी बर्बरता की गई।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच युवक-युवती के रिश्ते को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवकों को बंधक बना लिया और बंद कमरे या परिसर में उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि मामला एक ही समुदाय के दो पक्षों से जुड़ा हुआ है और शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हमलावरों और पीड़ितों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि में जुटी हुई है। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लोगों में कानून को हाथ में लेकर इस तरह की हिंसक वारदात को अंजाम देने की हिम्मत कैसे पैदा हो रही है।
