हरिद्वार में तेज आंधी और हवाओं ने भारी तबाही मचाई है। शहर के कई इलाकों से पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबरें सामने आई हैं। तेज हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हरकी पैड़ी के पास स्थित कांगड़ा घाट पर एक विशाल और पुराना पेड़ तेज हवाओं का दबाव नहीं झेल पाया और जड़ से उखड़कर नीचे गिर पड़ा। पेड़ गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में पास स्थित एक इमारत भी पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कांगड़ा घाट के पास मौजूद यह पेड़ काफी पुराना था। तेज आंधी के चलते पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
इसके अलावा बीएचईएल मेन रोड पर भी कई पेड़ गिरने की सूचना मिली है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर रास्तों को साफ कराने और स्थिति सामान्य करने में जुटी हुई हैं।
मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया था। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
