रिपोर्ट: ललित जोशी
हल्द्वानी के मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक जूते-चप्पलों की दुकान में देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत फायर सर्विस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
आग लगने से दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सटीक आंकलन अभी किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि दुकान सुमेर सिद्दीकी पुत्र मतीन सिद्दीकी की है। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
