देहरादून: सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए GPS ट्रैकिंग और पैनिक बटन को अनिवार्य कर दिया है। यह नियम 1 अप्रैल 2019 के बाद पंजीकृत सभी पैसेंजर वाहनों पर लागू होगा।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि देहरादून में 25 हजार से अधिक वाहनों में यह तकनीक पहले ही लागू की जा चुकी है। विभाग ने इन वाहनों की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी तैयार किया है, जो हर समय सक्रिय रहेगा।
नई तकनीक के माध्यम से वाहन की रियल टाइम लोकेशन, गति और चालक के ड्राइविंग पैटर्न पर नजर रखी जाएगी। यदि वाहन निर्धारित गति से अधिक चलता है, अचानक ब्रेक लगाता है या GPS सिस्टम से छेड़छाड़ होती है तो तुरंत अलर्ट जारी होगा।
पैनिक बटन की सुविधा इस पूरी व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। किसी भी आपात स्थिति में यात्री बटन दबाकर पुलिस और 112 इमरजेंसी सेवा को तत्काल सूचना दे सकेंगे। इससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
परिवहन विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से यात्रियों का विश्वास बढ़ेगा और सार्वजनिक परिवहन पहले से अधिक सुरक्षित बनेगा।
