संवाददाता: अरशद हुसैन
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस भी अपने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा रुड़की पहुंचे।
रुड़की में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रणबीर नागर, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आशीष सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
आलोक शर्मा ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रही है और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेगी।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा असहज महसूस कर रही है।
उन्होंने छात्रों से जुड़े मामलों को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
