रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के दूसरे चरण के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत 212 नई लाभार्थियों को पहली किस्त और 276 महिलाओं को दूसरी किस्त जारी की गई।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य एकल, निराश्रित और विधवा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन देने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला परिवार और समाज दोनों की प्रगति का आधार होती है। इसलिए सरकार महिलाओं के लिए ऐसी योजनाओं का विस्तार कर रही है, जिनसे वे अपना रोजगार शुरू कर सकें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्वरोजगार के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध करा रही है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपनी पहचान बनाने में सफल हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी, ताकि राज्य की हर जरूरतमंद महिला आत्मनिर्भर बन सके।
