रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की क्षेत्र के दौड़ बसी गांव में नदी पर पुलिया का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्षों से लंबित इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर तथा हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुलिया का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में दोनों जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार किया जाएगा।
प्रदर्शन में दौड़ बसी और शाह मंसूर गांव के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने पुलिया निर्माण की मांग रखी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में निराशा और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर पानी पार करना पड़ता है। कई अभिभावक बारिश के दिनों में बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतराते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी मरीजों और बुजुर्गों को होती है। आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने में देरी होने का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की वजह से गंभीर हालात पैदा हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण को प्राथमिकता देते हुए जल्द काम शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
