रिपोर्टर — रंजीत सिंह
किच्छा के आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे छात्राओं में डर का माहौल बना हुआ है। स्कूल परिसर में दर्जनों कुत्तों के डेरा जमाने के कारण छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आरोप है कि कुत्ते आए दिन छात्राओं के पीछे दौड़ते हैं और काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
इस गंभीर मामले को लेकर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने पहले जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कुत्तों को पकड़कर अन्य स्थान पर छोड़ने की मांग की थी। इसके अलावा नगर पालिका को भी दो बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर विधायक ने नाराजगी जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने आज उपजिलाधिकारी गौरव पांडे से मुलाकात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने साफ कहा कि जनहित के मुद्दों पर लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है, और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जन आंदोलन किया जाएगा।
विधायक की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आया और नगर पालिका ने देर रात कार्रवाई करते हुए 10 आवारा कुत्तों को पकड़कर अन्य स्थान पर छोड़ा।
उपजिलाधिकारी गौरव पांडे ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही शहर में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा, ताकि छात्राओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
