देहरादून में हरेला पर्व के अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास पर फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी निर्मला जोशी भी मौजूद रहीं और दोनों ने मिलकर पौधरोपण किया।
प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति में हरेला का विशेष महत्व है और यह आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति से जोड़ने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों के बीच पौधरोपण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे समय में हर नागरिक का छोटा प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
गणेश जोशी ने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो प्रदेश में हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें केवल पौधे लगाने की नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। यही संकल्प उत्तराखंड की हरित पहचान को और मजबूत बनाएगा।
