रुड़की: शहर में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्मार्ट मीटर, बार-बार बिजली कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान लोगों की आवाज उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि लंबे समय से उपभोक्ता बिजली संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन विभाग उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद भी लोगों की परेशानियां कम होने के बजाय बढ़ी हैं। वहीं, लगातार बिजली कटौती से आम जनता और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। कुछ समय तक कार्यालय परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे।
बाद में अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांग्रेस ने धरना समाप्त कर दिया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि यदि निर्धारित समय में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
