हल्द्वानी |
उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां परिस्थितियों से परेशान होकर एक 48 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली। यह घटना आज सुबह जज फार्म क्षेत्र की बताई जा रही है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। करीब एक साल पहले उसके पति, जो प्रॉपर्टी का काम करते थे, ने भी आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद से महिला गहरे सदमे में थी और लगातार परेशानियों का सामना कर रही थी।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए लिखा है कि “ऐसी जिंदगी से मौत ही बेहतर है। अगर मैं जिंदा रही तो पागल हो जाऊंगी, और मैं उस हालत में जीना नहीं चाहती।” महिला ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
परिवार की बात करें तो महिला अपने पीछे एक बेटे को छोड़ गई है, जो अब इस दुखद घटना के बाद अकेला रह गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने महिला को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया।
