उत्तराखंड में आगामी चुनावों को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में देहरादून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा विधानसभा सम्मेलन 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत रायपुर विधानसभा क्षेत्र से की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मेलन का उद्घाटन
सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, महानगर अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के तहत पन्ना प्रमुख स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकें।
“डबल इंजन सरकार ने किए कई ऐतिहासिक कार्य”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने बताया कि इस तरह के सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है और वे योजनाओं को सरल भाषा में आम जनता तक पहुंचाने के लिए तैयार किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी की प्रेरणा से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार हर दिन को जनता के हित में समर्पित मानकर कार्य कर रही है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
रायपुर विधानसभा में आयोजित इस सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
