रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एसओजी और कोतवाली सितारगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए तस्कर
एसओजी रुद्रपुर और सितारगंज पुलिस 8 अप्रैल को सिडकुल फेज-2 क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया और पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 अवैध हथियार, 222 जिंदा कारतूस और 129 खोखा कारतूस बरामद किए। इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट की कार भी जब्त की गई।
अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा
एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे पुलिस के डर से हथियारों को जंगल में छुपाने जा रहे थे। साथ ही वे अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- हरेंद्र सिंह उर्फ हनी निवासी बिरिया फॉर्म सिसैया
- निखिल वर्मा उर्फ रानू निवासी केशव नगर, सितारगंज
बैंक लेनदेन से बड़े नेटवर्क के संकेत
जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक लेनदेन जम्मू से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हथियारों की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है
