हरिद्वार-रुड़की क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने भगवानपुर इलाके में बन रहे एक बड़े रिजॉर्ट पर कार्रवाई करते हुए गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया है।
नक्शा पास कराया कम, निर्माण कर दिया ज्यादा
मामला भगवानपुर-देहरादून हाईवे का है, जहां एक बड़े रिजॉर्ट का निर्माण कार्य चल रहा था। शिकायत मिलने पर HRDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पाया गया कि स्वीकृत मानचित्र से कहीं अधिक निर्माण किया गया है।
नोटिस जारी, मौके पर नहीं मिले दस्तावेज
HRDA ने उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम की धारा 27(1) के तहत नोटिस जारी किया है। जांच के दौरान मौके पर स्वीकृत नक्शा और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए, जिससे अनियमितताओं की पुष्टि हुई।
सरकारी जमीन कब्जाने के आरोप
मामला सिर्फ नक्शा उल्लंघन तक सीमित नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रिजॉर्ट निर्माण के नाम पर ग्राम समाज की जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश की गई है।
प्रशासन ने जांच की कही बात
एसडीएम डी.एस. नेगी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत गंभीर है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उठ रहे बड़े सवाल
सूत्रों के अनुसार, विभाग से केवल एक छोटे हिस्से का नक्शा पास कराया गया था, लेकिन उसी की आड़ में पूरी जमीन पर निर्माण कर दिया गया। अब देखना होगा कि प्रशासन इस अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाता है या मामला फाइलों में दबकर रह जाता है
