
देहरादून: सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इस संबंध में श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने सोमवार को सचिवालय में आनंद बर्धन से शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान बिंद्रा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि हेमकुंड साहिब की वार्षिक यात्रा के तहत इस वर्ष 23 मई से कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही आगामी यात्रा सीजन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और ठहरने की व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित की जाएं।
प्रशासन का कहना है कि हर साल हजारों श्रद्धालु हेमकुंड साहिब यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में इस बार भी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
गौरतलब है कि समुद्र तल से लगभग 4,300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब सिख धर्म का एक अत्यंत पवित्र तीर्थस्थल है। यहां हर वर्ष मई से अक्टूबर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
प्रशासन और ट्रस्ट दोनों का लक्ष्य है कि इस वर्ष की यात्रा में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
