संवाददाता: सचिन कुमार
उत्तराखंड के चर्चित चंपावत मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान जारी है। भाजपा ने कांग्रेस पर मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने और बिना तथ्यों के राजनीतिक माहौल बनाने का आरोप लगाया है।
देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि अब तक की जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस कॉल ट्रेसिंग, मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच में शुरुआती आरोपों जैसी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
भाजपा का कहना है कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को बदनाम करने के उद्देश्य से मामले को लगातार हवा दी जा रही है।
दीप्ति रावत ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने देना जरूरी है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
