संवाददाता: अरशद हुसैन
उत्तराखंड के रुड़की स्थित सिसौना गांव के किसानों ने भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि उद्योगों से छोड़ा जा रहा केमिकल युक्त पानी उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें पूरी तरह खराब हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रदूषण ने गांव के कई किसानों की आजीविका संकट में डाल दी है।
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी और इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। लेकिन खेतों में पहुंचे जहरीले पानी ने फसल को बर्बाद कर दिया। किसानों का कहना है कि फसल खराब होने के कारण अब उनके सामने परिवार चलाने और कर्ज चुकाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात के समय फैक्ट्रियां नियमों की अनदेखी करते हुए केमिकल युक्त पानी नालों में छोड़ देती हैं। यही पानी खेतों तक पहुंचकर मिट्टी और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। किसानों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
मामले के सामने आने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है। प्रदूषण विभाग का कहना है कि दोषी कंपनियों की पहचान की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन मिलता रहेगा और कब दोषियों पर वास्तविक कार्रवाई होगी।
