सचिन कुमार
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आज एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक नेपाली मूल का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर लगी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज गर्जना के साथ पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के वक्त यात्रा मार्ग पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
गिरते पत्थरों की चपेट में कई दुकानें और आसपास का क्षेत्र भी आ गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
गंभीर रूप से घायल नेपाली नागरिक को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, इस हादसे में स्थानीय युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
