देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे राज्य के छात्रों और युवाओं के साथ संवाद कर शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचने के निर्देश दिए।
कांग्रेस का कहना है कि राज्य में बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों ने युवाओं को निराश किया है। पार्टी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनावी माहौल में ऐसे दौरे होते रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के हितों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और पारदर्शी व्यवस्था लागू की है।
राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को आगामी चुनावों से पहले कांग्रेस के महत्वपूर्ण राजनीतिक अभियान के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें 17 जुलाई को होने वाले इस युवा संवाद कार्यक्रम पर टिकी हैं।
