देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण राजधानी देहरादून के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार देर शाम विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में एक सुरक्षा दीवार ढहने से दो से तीन मकानों को नुकसान पहुंचा और एक महिला घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और राहत दल सक्रिय हो गए। घायल विमला देवी को तत्काल दून अस्पताल भेजा गया, जबकि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और इंजीनियरों की टीम को आसपास की दीवारों तथा अन्य संरचनाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
