रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की में स्वर्णकार समाज द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में चंद्रवंशी अजमीढ़ देव महाराज की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर सहित कई गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया।
रुड़की के नए पुल के समीप गंगा घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच प्रतिमा का अनावरण किया गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने बताया कि चंद्रवंशी अजमीढ़ महाराज के नाम पर घाट निर्माण की मांग उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री के समक्ष भी रखी गई है।
देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर ने कहा कि कोई भी समाज तभी मजबूत बनता है जब वह अपने इतिहास और महान विभूतियों का सम्मान करता है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज वर्मा ने इस अवसर को समाज के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि अजमीढ़ देव महाराज के आदर्श नई पीढ़ी को समाज सेवा, एकता और संस्कारों की प्रेरणा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन में सांस्कृतिक और धार्मिक माहौल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
