संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश में उत्तराखंड परिवहन महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय ने विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
“पिछले कुछ वर्षों से व्यवस्था बिगड़ी”
सुधीर राय का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों से चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं पटरी से उतर चुकी हैं। उन्होंने इसके पीछे जिम्मेदार अधिकारियों की नीतियों को मुख्य कारण बताया।
स्लॉट और ऑनलाइन पंजीकरण बनी समस्या
महासंघ अध्यक्ष ने बताया कि चार साल पहले शुरू की गई स्लॉट और ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। स्लॉट समय से पहले ही भर जाने के कारण कई यात्रियों को 10-12 दिन तक ऋषिकेश में रुकना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों का घट रहा रुझान
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के चलते यात्रियों का चारधाम यात्रा से मोहभंग हो रहा है और अब लोग यात्रा पर कम संख्या में आ रहे हैं।
डायवर्जन और खराब सड़कों पर उठाए सवाल
सुधीर राय ने आरोप लगाया कि यात्रा को अन्य रूट जैसे कैंची धाम की ओर मोड़ने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि कई जगह सड़कों की स्थिति खराब है और जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन इसे सुधारने के बजाय यात्रियों को डायवर्ट किया जा रहा है।
“सुविधाओं के नाम पर लूट” का आरोप
महासंघ अध्यक्ष ने यात्रा मार्ग पर सुविधाओं के नाम पर लूट और चोर-बाजारी होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि व्यवस्थाओं को जल्द सुधारा जाए ताकि चारधाम यात्रा की पारंपरिक गरिमा और महत्व बना रहे।
