रिपोर्ट: सचिन कुमार
मानसून के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सभी विभाग मिलकर राहत और बचाव कार्यों की तैयारी में जुटे हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के नेतृत्व में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) से पूरे जिले की निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखते हुए अधिकारियों को लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना मिलने पर क्विक रिस्पांस टीम तुरंत मौके पर पहुंचती है। विभागों के बीच बेहतर समन्वय के कारण शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा रहा है।
15 जून के बाद से कंट्रोल रूम में दर्ज 60 से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। इसके साथ ही तहसील स्तर पर भी हेल्पलाइन सेवाएं लोगों को राहत पहुंचाने का काम कर रही हैं।
अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने कहा कि रेड अलर्ट की स्थिति में सभी विभाग तुरंत सक्रिय हो जाते हैं। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
