देहरादून: राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुए हादसे में जान गंवाने वाले कांग्रेस नेता अमर सिंह मेहता का शुक्रवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने हिस्सा लिया।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों के दौरान लोहे का एक पिलर अचानक गिर गया था। इस हादसे में अमर सिंह मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के तुरंत बाद उन्हें देहरादून के CMI अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
CMI अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल ने इलाज के दौरान उनके निधन की पुष्टि की थी। इसके बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर फैल गई और कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
लक्खीबाग श्मशान घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों ने अमर सिंह मेहता के सामाजिक और संगठनात्मक योगदान को याद किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
